Ticker

6/recent/ticker-posts

Header Ads Widget

हाई अलर्ट के बीच गाज़ियाबाद में 28 घंटे में ताबड़तोड़ 5 लूट

THN Network 


NCR:  ट्रांस हिंडन में 28 घंटे में ताबड़तोड़ पांच लूट हुई। लिंक रोड थाना क्षेत्र में एक महिला से मोबाइल लूटकर भाग रहे बदमाशों को लोगों ने बहादुरी दिखाते हुए दबोच लिया। जिले में निकाय चुनाव और कुख्यात अतीक अहमद व अशरफ की हत्या के बाद पुलिस हाई अलर्ट पर है। दिल्ली की सीमाओं पर चौकसी बरतने का दावा किया जा रहा है। बावजूद इसके लूट की घटनाएं होने से दावों की पूरी तरह से पोल खुल गई।

रविवार सुबह 11:00 बजे: इंदिरापुरम कोतवाली क्षेत्र की प्रह्लादगढ़ी पुलिस चौकी के पास वसुंधरा सेक्टर 17 में एक बाइक सवार बदमाश ने आकांक्षा भारद्वाज की सोने की चेन लूट ली। घटना के दौरान वह अपने रिश्तेदार को घर के गेट पर छोड़ने के लिए खड़ी थीं। तभी पीछे से आए बाइक सवार एक बदमाश ने चेन लूटी ली और पुलिस चौकी के सामने से फरार हो गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

रविवार सुबह 10:00 बजे : कौशांबी थाना क्षेत्र के सीमांत विहार में स्थानीय लोगों ने अपराध को रोकने के लिए करीब डेढ़ लाख रुपये खर्च कर पुलिस की मदद के लिए 35 बैरियर क्षेत्र में लगवाए। रविवार सुबह बैरियर पर नीलम विहार सोसायटी प्रतिभा से बाइक सवार बदमाश ने चेन लूट ली।

वह डीयू में प्रोफेसर बड़ी बहन ज्योत्सना के साथ सीमांत विहार सोसायटी के सामने पुलिस बैरियर पर फल लेने के लिए खड़ी थीं। तभी पीछे से एक बाइक सवार आया और प्रतिभा के गले से सोने की चेन लूटकर भाग गया। उनके गले में खरोच आई है। ज्योत्सना ने बताया कि बाइक पर एक ही बदमाश था। उसने लाल बैग टांगा था और हेलमेट पहने था। चंद सेकेंड में वारदात कर फरार हो गया। उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम पर तीन बार काल किया लेकिन नहीं लगी।

शनिवार रात 8:30 बजे : दिल्ली के वेलकम शाहदरा के मोहम्मद बिलाल नाेएडा की एक कार एजेंसी पर काम करते हैं। वह लिंक रोड थाना के सूर्य नगर पुलिस चौकी क्षेत्र के रामपुरी बी 61 नंबर पर शनिवार रात करीब साढ़े आठ बजे कार की डिलीवरी देने आए थे। वह यहां से घर जाने के लिए निकले ही थे कि पीछे से एक बाइक पर दो बदमाश आए। पीछे बैठे बदमाश ने उनका मोबाइल लूट लिया। उन्होंने शोर मचाया तब तक आरोपित भाग गए।

शनिवार सुबह 9:30 बजे : खोड़ा थाना क्षेत्र के सुभाष पार्क के हरवेश ने बताया कि वह शनिवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे फल की ठेली लेकर गोल्डन पैलेस वाली गली में गए थे। पीछे से आए दो युवकों ने उनसे मारपीट की और मोबाइल लूट कर भाग गए।पीड़ित ने बताया कि आरोपित अनिल वर्मा उर्फ मुर्गा और आकिव हैं। दोनों इंदिरा विहार के हैं। पीड़ित ने पुलिस से मामले की शिकायत की। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।

शनिवार सुबह 7:30 बजे : लिंक रोड थाना क्षेत्र के महाराजपुर में प्रीति रहती हैं। उन्होंने बताया कि शनिवार सुबह काम करने सरिता विहार जा रही थीं। रास्ते में पीएमडी कंपनी के पास एक बदमाश ने बाल खींचकर हाथ से मोबाइल लूट लिया। उन्होंने शोर मचाया। आसपास के लोगों ने आरोपित को दबोच लिया। उसकी पहचान हर्ष विहार भोपुरा के रवि के रूप में हुई है। उससे लूट का मोबाइल भी बरामद हुआ है।


Post a Comment

0 Comments